अल्मोड़ा: बाड़ेछीना क्षेत्र के छानी गांव में बुधवार को तेंदुए ने एक ग्रामीण पर अचानक हमला कर दिया. हमले में दीवान सिंह के हाथ और पीठ पर चोटें आई हैं. घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है. घायल दीवान सिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. वहीं घटना के बाद वन विभाग ने मौके पर पिंजरा लगा दिया है. साथ ही वनकर्मियों को नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं.
जानकारी के अनुसार 46 वर्षीय दीवान सिंह पुत्र मोहन सिंह अपने घर से दुकान की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सुबह 6:30 बजे रास्ते में झाड़ी में छिपे तेंदुए ने पीछे से अचानक उन पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से वह संभल नहीं पाए और घायल हो गए. उनके हाथ और पीठ पर चोटें आई हैं. चीख पुकार सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो तेंदुआ जंगल की ओर भाग गया. घटना के बाद लोगों में भी अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की. वन विभाग की टीम ने घायल ग्रामीण को जिला अस्पताल पहुंचाने में भी मदद की, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है. वन विभाग के रेंजर मोहन राम आर्या ने बताया कि घटना के बाद क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि घटनास्थल के आसपास जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा, ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और उसे पकड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा सके.
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त करेगी. वहीं घायल को मुआवजे की राशि दे दी गई है. ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए प्रभावी कदम उठाने और गांव के आसपास नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में भय बना हुआ है. उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. बता दें कि अल्मोड़ा जनपद के कई क्षेत्रों में गुलदार की धमक देखने को मिल रही है. गुलदार कई बार लोगों पर हमला कर घायल कर चुका है. इसके बावजूद वन विभाग द्वारा ठोस रणनीति नहीं बनाई जा रही है.
