देहरादून: राजधानी देहरादून में देर रात बसंत विहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई. हरबंसवाला बैरियर पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा स्कूटी से भाग रहे बदमाश का पीछा कर रही पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, घायल बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. साथ ही घायल आरोपी की पहचान 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात के आरोपी आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है.
चेकिंग के दौरान भागा, पुलिस पर चलाई गोली: पुलिस के अनुसार, देर रात हरबंसवाला बैरियर पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी पर सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया. वह चेकिंग पॉइंट से नहीं रुका और टी-स्टेट की ओर भाग निकला. पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी. घायल आरोपी को पहले प्रेमनगर चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का भी निरीक्षण किया.
