टिहरी गढ़वाल: जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्थानीय उद्यमियों को बाजार से जोड़ने की दिशा में मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत चौपाल-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन के साथ ही उद्यम आईईसी एवं प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
चौपाल-2026 का आयोजन: जनपद टिहरी गढ़वाल में ग्राम्य विकास विभाग, उत्तराखंड की ओर से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत चौपाल-2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को प्रोत्साहित करना, स्थानीय उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराना और क्रेता-विक्रेता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा.
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत हुआ आयोजन: कार्यक्रम के प्रथम चरण में क्रेता-विक्रेता सम्मेलन आयोजित किया गया. इस दौरान मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के अंतर्गत संचालित उद्यमों और योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए उद्यम आईईसी एवं प्रचार वाहन को माननीय अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
उद्यम प्रचार वाहन को किया गया फ्लैग ऑफ: कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार से जोड़ने और ग्रामीण उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत आयोजित चौपाल-2026 को ग्रामीण उद्यमिता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है. प्रचार वाहन के माध्यम से योजना और स्थानीय उद्यमों की जानकारी ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे अधिक से अधिक लोग स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ सकें.
ये लोग रहे मौजूद: इस अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, राज्य स्तरीय महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी मंत्री विनोद उनियाल, अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष एवं दर्जाधारी राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान, जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
चमोली में भी रवाना हुआ जनजागरूकता वाहन: चमोली जिला मुख्यालय गोपेश्वर स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित एमएसएमई चौपाल में योजना की जानकारी देने के साथ जनजागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. वाहन 21 अगस्त से एक सितंबर तक जिले के विभिन्न विकासखंडों और न्याय पंचायत क्षेत्रों में पहुंचेगा.
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून स्थित मुख्य सेवक सदन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया. गोपेश्वर में मौजूद लोगों ने मुख्यमंत्री का संबोधन वर्चुअल माध्यम से सुना. चौपाल में युवाओं, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी गई.
योजना की जानकारी के साथ मिलेगा मार्गदर्शन: जागरूकता वाहन के जरिए लोगों को मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, प्रशिक्षण, तकनीकी सहायता और वित्तीय सहयोग के बारे में बताया जाएगा. साथ ही उद्यमी पंजीकरण, उत्पाद की ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बाजार से जोड़ने की जानकारी भी दी जाएगी. अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय संसाधनों और लोगों की रुचि के अनुसार उद्यम शुरू करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया जाएगा.
वाहन गोपेश्वर, मंडल, चमोली, बिरही, हेलंग, जोशीमठ, तपोवन, नंदप्रयाग, घाट, कर्णप्रयाग, सिमली, नारायणबगड़, थराली, देवाल, गैरसैंण, मेहलचौरी और पोखरी समेत विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचेगा.
अंजलि को छह लाख की सहायता: कार्यक्रम में हरियाली स्वायत्त सहकारिता के सहयोग से अंजलि देवी को उद्यम शुरू करने और हिलांस भोजनालय के संचालन के लिए छह लाख रुपये की सहायता का चेक दिया गया. चौपाल में उद्यान, कृषि, उद्योग, मत्स्य और पर्यटन विभागों के अधिकारियों ने स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं, अनुदान और सब्सिडी की जानकारी दी.
कार्यक्रम में दर्जा मंत्री हरक सिंह, प्रेम सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और युवा मौजूद रहे.
