देविंदर बंबीहा गैंग से जुड़े तीन कथित प्रमुख आरोपियों को मलेशिया से डिपोर्ट कर भारत लाया गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अनुसार, पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों की मदद से यह कार्रवाई की। मलेशिया से भारत पहुंचने के बाद तीनों को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर गिरफ्तार किया गया। इसके बाद उन्हें पंजाब ले जाकर आगे की जांच शुरू की गई। गृह मंत्री कार्यालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुरक्षित भारत के लक्ष्य के तहत भारतीय एजेंसियों ने साल 2026 में अब तक 51 कुख्यात अपराधियों को विदेशों से वापस भारत लाने में मदद की है।
जसप्रीत सिंह पर कौन सा गंभीर आरोप है?
पुलिस के अनुसार, जसप्रीत सिंह जून 2019 में मलेशिया गया था। बाद में वह एक फरार गैंगस्टर के संपर्क में आया और कथित तौर पर बंबीहा गैंग के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाने लगा। पुलिस ने उसे 2025 में यादविंदर सिंह और पूर्व पंजाब विश्वविद्यालय नेता जीवंजोत सिंह चहल उर्फ जुगनू के चालक की हत्या से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जसप्रीत की भूमिका की जांच की जा रही है।
लुधियाना के ग्रेनेड हमले से अजय और पवनदीप का क्या संबंध है?
पुलिस के अनुसार, अजय सिंह और पवनदीप सिंह पर 2025 में लुधियाना में ग्रेनेड हमला कराने के लिए स्थानीय लोगों को निर्देश देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि कथित हमले की योजना को समय रहते विफल कर दिया गया था। 27 अक्तूबर 2025 को दो कथित सहयोगियों की गिरफ्तारी के साथ पी-86 चीनी हैंड ग्रेनेड बरामद होने का भी दावा किया गया था। इन आरोपों की अभी जांच और न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
