Oplus_131072
देहरादून: राजधानी के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र मच्छी बाजार में युवती की सरेआम हत्या करने वाले आरोपी को मंगलवार को कोर्ट में पेशी पर ले लाया गया. इस दौरान न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों ने उसकी पिटाई कर दी. मारपीट के दौरान न्यायालय परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
गुंजन के हत्या आरोपी की कोर्ट परिसर में पिटाई: पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. मौके पर मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह आक्रोशित लोगों को शांत कराया. इसके बाद आरोपी को सुरक्षित न्यायालय में पेश किया. कोर्ट ने हत्या आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया. जिसके बाद पुलिस निगरानी में उसे जेल भेजा गया. न्यायालय परिसर में आरोपी के साथ हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अब वायरल हो रहा है।
2 फरवरी को आकाश ने की थी गुंजन की हत्या: गौरतलब है कि सोमवार सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत मच्छी बाजार में करीब 10 बजे 23 साल की गुंजन अपनी स्कूटी खड़ी करने के लिए रिश्तेदार के घर पहुंची थी. हत्या आरोपी आकाश को इसकी भनक लग गई थी. वह चापड़ लेकर वहां पहुंच गया. इस दौरान पहले उसने गुंजन से बहस की. जब गुंजन ने उससे बात करने से मना किया तो आरोप है कि आकाश ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया।
आकाश ने गुंजन को चापड़ से मार डाला था: पहले वार में गुंजन ने हाथ आगे किया तो उसकी एक अंगुली कट गई. आरोपित ने दूसरा वार गुंजन के गले पर किया, जिसके कारण उसके गले पर गहरा घाव हो गया. घाव इतना गहरा था कि तेजी से खून बने लगा और गुंजन जमीन पर गिर पड़ी. शोर मचने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल गुंजन को दून अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने दम तोड़ दिया. मौके पर पहुंची पुलिस ने मच्छी बाजार के पास से ही आरोपी आकाश को गिरफ्तार कर लिया था।
आकाश की कोर्ट में पेशी के दौरान आक्रोशित थे लोग: वहीं मंगलवार को कोतवाली नगर पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने के लिए ले गयी. वहां न्यायालय परिसर में मौजूद लोगों ने आरोपी आकाश के साथ मारपीट करते हुए हंगामा किया. न्यायालय परिसर में मौजूद पुलिस बल ने किसी तरह आरोपी को लोगों के चंगुल से छुड़ाया और उनको शान्त किया गया. साथ ही काफी मशक्कत के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद पुलिस निगरानी में जेल भेजा गया है।
