Oplus_131072
रुद्रपुर: लालपुर के शिमला पिस्तौर स्थित एक निजी कंपनी के प्लांट हेड पर कथित रूप से पूर्व कर्मचारी ने साथियों के साथ हमला कर दिया. आरोप है कि किच्छा हाईवे पर कार रोककर लोहे की रॉड और तमंचों के बल पर उन्हें बाहर खींचने की कोशिश की गई तथा वाहन में तोड़फोड़ की गई. पुलिस ने नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कंपनी से निकाले गए कर्मचारी पर जानलेवा हमला करने का आरोप: रुद्रपुर के दक्ष एंक्लेव व हाल शिमला पिस्तौर निवासी सुभाष सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह लालपुर के शिमला पिस्तौर स्थित निशांत प्रिंट पैक सॉल्यूशन प्रा. लि. कंपनी में प्लांट हेड के पद पर कार्यरत हैं. उनके अनुसार सैंजनी निवासी अंकित सिंह ठाकुर उर्फ विवेक सिंह पिछले चार वर्षों से कंपनी में हेल्पर के रूप में काम कर रहा था. सुभाष सिंह का आरोप है कि अंकित कंपनी में अनुशासनहीनता और गुंडागर्दी करता था. वह अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट कर उनसे पैसे भी वसूलता था।
नौकरी से निकालने पर कर्मचारी रखने लगा रंजिश: लगातार मिल रही शिकायतों के बाद प्रबंधन ने वर्ष 2025 में उसे नौकरी से निकाल दिया. आरोप है कि इसके बाद से ही अंकित उनसे रंजिश रखने लगा. कई बार कंपनी के बाहर मिलने पर जान से मारने की धमकी देने लगा. तहरीर के मुताबिक 31 जनवरी को सुभाष सिंह अपने घर से कार द्वारा कंपनी के लिए निकले थे।
लोहे की रॉड से किया हमला: जैसे ही उनकी कार किच्छा हाईवे रोड पर पहुंची, तभी बिना नंबर की दो मोटर साइकिलों पर सवार छह लोग वहां आ पहुंचे. आरोप है कि उनके हाथों में लोहे की रॉड और तमंचे थे. हमलावरों ने कार रुकवाकर सुभाष सिंह को बाहर खींचने की कोशिश की. लेकिन चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें कार से उतरने नहीं दिया. इस दौरान आरोपियों ने कार पर पथराव कर शीशे तोड़ दिए।
चालक की सूझबूझ से बची कंपनी के प्लांट हेड की जान: किसी तरह चालक ने वाहन को तेजी से आगे बढ़ाया और दोनों सुरक्षित कंपनी परिसर तक पहुंच गए. घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई. सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि-
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा: प्राप्त तहरीर के आधार पर अंकित सिंह ठाकुर समेत छह अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मारपीट, धमकी और गाली गलौज की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
