पौड़ी गढ़वाल: सीएम धामी आज पौड़ी गढ़वाल के दौरे पर रहे. इस दौरान सीएम धामी ने नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल-2026 का शुभारंभ किया. सीएम धामी ने कहा नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल के जरिये पौड़ी जनपद के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन को नई पहचान मिलेगी।
सीएम धामी ने कहा राज्य सरकार लगातार प्रदेश को आगे बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने कहा प्रदेश सरकार ने पहाड़ी क्षेत्रों में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाया है. उन्होंने कहा हमारा संकल्प समाज के अंतिम छोर तक विकास को पहुंचाना है।
जनता को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा श्रीनगर में 650 करोड़ की लागत से नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का निर्माण कार्य जारी है. खोह नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए 135 करोड़ की लागत से आधुनिक सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का काम जारी है।
सीएम धामी ने कहा पौड़ी के पुराने कलेक्ट्रेट भवन का संरक्षण हेरिटेज भवन के रूप में किया जा रहा है. कोटद्वार में 50 बेड वाले आधुनिक चिकित्सालय का काम जारी है. सीएम धामी ने कहा पौड़ी में प्रदेश की पहली एनसीसी एकेडमी का निर्माण किया जा रहा है. कोटद्वार में 11 करोड़ की लागत से सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट स्थापित किया जा रहा है. मालन नदी में सड़क पुल का निर्माण जारी है.सीएम धामी ने कहा सतपुली झील का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है. अगले चार माह में यह झील पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी, जो यहां की आर्थिकी को सुदृढ़ करेगी।
सीएम ने कहा हम वर्ग विशेष को टारगेट नहीं करते. हमारा प्रयास भावी पीढ़ी को सुरक्षित उत्तराखण्ड सौंपना है. देवभूमि के देवत्व की रक्षा करना हमारा संकल्प है. प्रदेश की डेमोग्राफी को संरक्षित रखने के लिए हमने कई कानून बनाए हैं. ऑपरेशन कालनेमि चलाकर छद्म वेशधारियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की गई है. उन्होंने कहा हमारा प्रयास जन-जन तक सरकार को पहुंचाना है. 17 दिसंबर 2025 से हमने जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम शुरू किया था. इसके माध्यम से लोगों के घरों तक सर्टिफिकेट भी पहुंचाए गए है।
नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल में माउंटेन बाइकिंग, पैराग्लाइडिंग, ट्रेल रनिंग, एंगलिंग आदि प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. नयार वैली एडवेंचर फेस्टिवल से पौड़ी के इस क्षेत्र को एक नई पहचान मिली है. इस फेस्टिवल के यहां के नौजवान युवकों को रोजगार भी मिल रहा है. पर्यटन और तीर्थाटन भी बढ़ रहा है. पर्यटन क्षेत्र लैंसडौन, ताड़केश्वर, देवप्रयाग, पौड़ी, मुंडेश्वर व भैरव गढ़ी के बीच का यह क्षेत्र फेमस हो रहा है।
