विकासनगर के बाड़वाला यमुना पुल पर वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की। एसडीओ ने डंपर का वीडियो बनाने पर विरोध और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप लगाया।
विकासनगर (देहरादून)। कोतवाली विकासनगर अंतर्गत बाड़वाला यमुना पुल पर वन विभाग के एसडीओ के साथ कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की।
मारपीट की वजह के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। मामले में तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
चकराता वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी कालसी राजीव नयन नौटियाल ने कोतवाली विकासनगर में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं दूसरे पक्ष ने भी राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
नौटियाल ने आरोप लगाया कि बाड़वाला क्षेत्र में यमुना नदी की ओर एक डंपर जा रहा था। इस पर वह डंपर की वीडियो बनाने लगे। कुछ लोगों ने इसका विरोध किया और मारपीट कर सरकारी कार्य में बाधा डाली।
वहीं दूसरे पक्ष के मनीष चौहान निवासी बाड़वाला ने तहरीर में आरोप लगाया कि राजीव नौटियाल ने गाली गलौज और मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। वाहन में तोड़फोड़ कर जाति सूचक शब्द का भी प्रयोग किया।
मारपीट के आरोप में युवक पर मुकदमा
विकासनगर। कोतवाली सहसपुर में एक युवती ने दी तहरीर में कहा कि उसके पिता पेशे से ड्राइवर हैं। उसके पास 25 फरवरी की शाम धीरज निवासी तिपरपुर का फोन आया था। उसने जबरदस्ती अपने साथ घूमने व कपड़े दिलाने के लिए कहा।
मना करने पर वह घर पर आ गया और मारपीट की। धीरज ने उसे लात घूंसे मारे और बाल पकड़कर खींचा। उसे व उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल शंकर सिंह बिष्ट के अनुसार धीरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
