Oplus_131072
रुद्रप्रयाग: बदरीनाथ नेशनल हाईवे से सटे खांकरा क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया. यहां सम्राट होटल के पास मोलदा गदेरे में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक का शव बरामद किया।
गदेरे में डूबा 21 साल का छात्र: जिला नियंत्रण कक्ष रुद्रप्रयाग से दोपहर करीब 14:10 बजे एसडीआरएफ टीम को सूचना प्राप्त हुई कि खांकरा के समीप एक युवक गदेरे में डूब गया है. सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट रतूड़ा से उप निरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई. मौके पर पहुंचकर टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद टीम ने युवक का शव गदेरे से बाहर निकाला. इसके बाद शव को लगभग तीन किलोमीटर पैदल मार्ग से सड़क तक लाया गया।
एसडीआरएफ ने कड़ी मशक्कत के बाद शव रेस्क्यू किया: एसडीआरएफ टीम ने शव को आगे की कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया है. मृतक की पहचान अंशुल (21) पुत्र विनोद जमलोकी निवासी ग्राम कोठड़ा, गुप्तकाशी के रूप में हुई है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंशुल श्रीनगर गढ़वाल में पढ़ाई करता था. वह अपने दोस्तों के साथ मोलदा गदेरे में नहाने के लिए आया था, जहां यह हादसा हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पहाड़ के गदेरे खतरनाक होते हैं: गौरतलब है कि पहाड़ के गदेरे बहुत खतरनाक होते हैं. इनमें बड़े-बड़े पत्थरों के बीच ढलान होने के कारण बहाव तेज होता है. जिन स्थानों पर पानी ज्यादा होता है, कई बार उसका अनुमान नहीं लग पाता है. जो लोग तैरना नहीं जानते हैं, उन्हें पहाड़ के गाड़ गदेरों से दूर रहने की अक्सर हिदायत दी जाती है. ये गाड़ गदेरे सुनसान जगहों से बहते हैं. ऐसे में अगर कोई अकेला शख्स इनमें डूबता है तो कई बार उसका पता तक नहीं लग पाता है. रुद्रप्रयाग में भी ये ऐसी ही घटना हुई है. अंशुल अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, इसलिए उसके डूबने का पता लग गया।
