देहरादून: डोईवाला क्षेत्र में नवविवाहिता सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले में डोईवाला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने मामले में सृष्टि कंडारी के पति और ननद को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने दोनों आरोपियों को शनिवार को हर्रावाला स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने पहले ही सीओ डोईवाला के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की थी.
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई 2026 को सृष्टि कंडारी की मां सीमा कण्डारी, निवासी श्रीकोट (श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल) ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर दी थी. जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला से हुआ था. विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे लगातार प्रताड़ित करता था. इसी प्रताड़ना के चलते उसकी हत्या कर दी गई.
जिसके बाद तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू के खिलाफ बीएनएस की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया. एसएसपी देहरादून के निर्देश पर सीओ डोईवाला वंदना वर्मा को मामले की विवेचना सौंपी गई. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम बनाई गई.
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया आरोपियों गिरफ्तारी के लिए थाना डोईवाला में टीम का गठन किया गया. इसके बाद पुलिस टीम ने आज मुख्य आरोपी सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू को हर्रावाला स्थित लक्ष्मण एन्क्लेव से गिरफ्तार कर लिया है. दोनों से पूछताछ की जा रही है. मामले में नामजद सास की भूमिका की भी जांच जारी है. साथ ही मामले में उपलब्ध सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
