देहरादून: कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के माजरा के समीप एक 21 वर्षीय युवक का शव सड़क किनारे बने नाले से बरामद हुआ है. जिसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंच कर युवक को नाले से बाहर निकाला. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए भेजा. साथ ही प्रारंभिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि युवक की मौत नाले में गिरकर डूबने या तेज बहाव में बहने से हुई है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
स्कूल की कैंटीन में काम करता था युवक: जानकारी के अनुसार माजरा निवासी 21वर्षीय अमित सेमवाल शिमला बाईपास के पास एक निजी स्कूल की कैंटीन में काम करता था. वही बीती शाम करीब 7 बजे कैंटीन से पैदल अपने घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा. उस दौरान देहरादून में तेज बारिश हो रही थी.अमित सेमवाल के घर नहीं पहुंचने पर परिजन भी तलाश कर रहे थे. इस दौरान रात कोतवाली पटेल नगर को सूचना मिली कि माजरा में सड़क किनारे बने नाले में एक युवक शव दिखाई दिया है. जिसके बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई.
मामले की जांच में जुटी पुलिस: सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम द्वारा मौके पर पहुंच कर शव को बाहर निकाला गया और परिजनों को भी पुलिस ने मौके पर बुलाया. जिसके बाद शव की शिनाख्त हो पाई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. कोतवाली पटेल नगर प्रभारी विनोद गुसाई ने बताया है कि शुरुआती जांच में यह मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है. प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नाले में गिरकर डूबने या तेज बहाव में बहना प्रतीक हो रहा है. फिलहाल पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है.
रुद्रपुर में बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: रुद्रपुर के संजय नगर खेड़ा वार्ड नंबर-11 में एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण करने वाले भरत लाल अपने दूसरे मकान में मृत अवस्था में मिले. सूचना पर ट्रांजिट कैंप पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा.
